द्वीप किसे कहते हैं? What is Island in Hindi
Island / द्वीप उन भू-खंडों को कहते है जो किसी महाद्वीप से ना जुड़े होकर चारो तरफ़ पानी से घिरे होते है। द्वीपो का आकार कुछ वर्ग मीटर से लेकर कई वर्ग किलोमीटर तक हो सकता है। कई बार सागर में एक ही स्थान पर कई द्वीप पाए जाते हैं जिन्हें द्वीपसमूह (Archipelago) कहा जाता है। जैसे कि लक्षद्वीप समूह, अण्डमान और निकोबार द्वीपसमूह आदि।
द्वीप प्रमुख तरह से दो प्रकार के होते हैं – महाद्वीपीय द्वीप (Continental Islands) और महासागरीय द्वीप (Oceanic Islands)।
महाद्वीपीय द्वीप वो द्वीप होते है जो कि किसी महाद्वीपीय टेकटोनिक प्लेट का हिस्सा हों। जैसे कि श्रीलंका भारतीय प्लेट का हिस्सा है और ग्रेट ब्रिटेन युरोपीय प्लेट का।
महासागरीय द्वीप उन द्वीपों को कहते है जो किसी महाद्वीपीय टेकटोनिक प्लेट का हिस्सा नहीं होते। ऐसे द्वीप सागर के नीचे ज्वालामुखी क्रियाओं के कारण बनते है जैसे कि प्रशांतमहासागर में बने हवाई द्वीप समूह।
पूरी दुनिया में द्वीप कितने है?
पूरी दुनिया में द्वीपों की संख्या लाखों में हैं।
इनकी कोई सटीक जनसंख्या का पता नहीं है, क्योंकि द्वीप की परिभाषा कुछ छोटे-छोटे खंडों पर लागू नहीं होती।
इसके सिवाय प्राकृतिक उठा-पटक जैसे कि भूकंप और सुनामी के कारण कुछ द्वीप लुप्त हो जाते हैं और कुछ का निर्माण हो जाता है।
दुनिया के 5 प्रमुख द्वीप
1. ग्रीनलैंड – Greenland
ग्रीनलैंड दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप है जो लगभग 21,30,800 वर्गकिलोमीटर के क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इस तरह से इसका आकार दूसरे सबसे बड़े द्वीप न्यू गिनी (7,85,753) के दूगने से भी अधिक है।
इतना बड़ा आकार होने के बावजूद भी ग्रीनलैंड पर सिर्फ 56 हज़ार लोग रहते है, क्योंकि यह द्वीप उत्तरी ध्रूव के पास स्थित है और इसके ज्यादातर हिस्से पर बर्फ़ की मोटी परत बिछी हुई है।
हालांकि ग्रीनलैंड उत्तरी अमेरिका से जुड़ा हुआ है लेकिन राजनैतिक तौर पर ये युरोप का भाग है जिस पर युरोप के देश डेनमार्क का अधिकार है।
2. ग्रेट ब्रिटेन – Great Britain
ग्रेट ब्रिटेन दुनिया का 9वां सबसे बड़ा द्वीप है जिसका क्षेत्रफल लगभग 2,09,331 वर्गकिलोमीटर है यानि कि हमारे गुजरात (1,96,024) से थोड़ा बड़ा और उत्तरप्रदेश (2,40,928) से थोड़ा छोटा।
ग्रेट ब्रिटेन पर ही इंग्लैंड बसा हुआ है। 18,19 और 20वीं सदी में पुरी दुनिया में अंग्रेज़ों की जहां भी सरकार थी वो सारी ग्रेट ब्रिटेन से ही चलती थी।
यह द्वीप युरोप महाद्वीप का हिस्सा है और फ्रांस के उत्तर-पश्चिमी तट से लगभग 34 किलोमीटर दूर स्थित है।
3. मेडागास्कर – Madagascar
मेडागास्कर दुनिया का चौथा सबसे बड़ा द्वीप है जिसका क्षेत्रफल 5,87,713 वर्गकिलोमीटर है। यह अफ्रीका के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित है। मेडागास्कर पर जानवरों और पौधों की ऐसी कई प्रजातियां मिलती है जिन्हें पृथ्वी के किसी अन्य भाग में नहीं पाया जाता है। मेडागास्कर पर पाए जाने वाले 80% जानवर और पौधे केवल यहीं पर ही पाए जाते हैं। यह इतना अनोखा द्वीप है कि कई बार वैज्ञानिक इसे दुनिया का 8वां महाद्वीप कहते हैं।
4. होंशु – Honshu
जापान के क्षेत्रफल का लगभग 60 प्रतीशत हिस्सा होंशु द्वीप से ही बना हुआ है। यह दुनिया का 7वां सबसे बड़ा द्वीप है जिसका क्षेत्रफल 2,25,800 वर्गकिलोमीटर है।
लगभग 10 करोड़ से ज्यादा की आबादी के साथ होंशु जावा के बाद दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला द्वीप है। द्वीप का सबसे बड़ा शहर जापान की राजधानी टोक्यो है।
5. लुज़ोन – Luzon
लुज़ोन दुनिया का 15वां सबसे बड़ा द्वीप है जिसका क्षेत्रफल लगभग 1,09,965 वर्गकिलोमीटर है। इस तरह से यह हमारे तेलंगाना (1,12,077) राज्य से थोड़ा छोटा है।
पूरे लुज़ोन द्वीप पर फिलीपींस का अधिकार है। फिलीपींस की लगभग 53% आबादी इसी द्वीप पर रहती है जो इसे 5वां सबसे ज्यादा आबादी वाला द्वीप बनाती है। इस द्वीप की आबादी लगभग 5 करोड़ 34 लाख है।
लुज़ोन द्वीप पर मनीला बंदरगाह भी मौजूद है जिसे इसके आकार और स्थिती के कारण दुनिया की सबसे अच्छी प्राकृतिक बंदरगाह माना जाता है। मनीला फिलीपींस की राजधानी भी है।
Related Posts
1. वायुमंडलीय दबाव क्या होता है?
2. वायुमंडल की सामान्य जानकारी
3. सबसे लंबी नदी ” नील नदी ” के बारे में मज़ेदार जानकारी
Comments
Post a Comment